नरसिंहपुर

राष्ट्रीय एकता दिवस व राष्ट्रीय संकल्प दिवस पर कार्यक्रम सम्पन्न

नरसिंहपुर, 31 अक्टूबर 2019. स्व. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि को राष्ट्रीय संकल्प दिवस के रूप में तथा स्व. सरदार वल्लभ भाई पटेल की जन्मतिथि को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। राष्ट्रीय संकल्प दिवस के अवसर पर हॉकी स्टेडियम नरसिंहपुर में स्थानीय प्रशासन द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया।

         इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री मैथिलीशरण तिवारी द्वारा अपने विचार व्यक्त करते हुये कहा कि महापुरुषों के बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा। भारत के लौह पुरुष और हमारे देश के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। स्वतंत्रता के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर, स्वतंत्रता के बाद राष्ट्र की एकता और अखंडता में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

         इस अवसर पर डॉ. संजीव चांदोरकर ने कहा कि स्व. इंदिरा गांधी के नेतृत्व में भारत एक शक्तिशाली देश बना उनके नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुआ। उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा विदेश नीति को नई दिशा मिली। भारत परमाणु शक्ति बना। हरित क्रांति के कारण भारत खाद्य सुरक्षा में आत्मनिर्भर बना। बैंकों का राष्ट्रीयकरण और गरीबी उन्मूलन जैंसे कदम उठाए गए।

         कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री दीपक सक्सेना ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों को शपथ दिलाई। शपथ को दोहराते हुए कहा कि मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूं जिसे सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हूं।

         कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर श्री मनोज कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री केके भार्गव, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और विद्यार्थी मौजूद थे।

Tags

Related Articles

Back to top button
Close